दो साल पहले शादी करके टूरिस्ट बीजा पर भारत आयी थी महिला
बाराबंकी। टूरिस्ट बीजा पर बांग्लादेशी से दुल्हन बन कर आई एक महिला फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ साल से अवैध रूप से रह रही थी। एलआईयू से जानकारी मिलने पर पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे सीओ ने महिला को पकड़ कर थाने पर पूछताछ की। जहां से उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर टान्डा निवासी सलमान पुत्र रमजान सउदी अरब में नौकरी करता था। वहां पर उसकी दोस्ती बाग्ंलादेश के कोमिला जिला के बीओे लाइन बरूआ अड्डा बाजार 3560 निवासी रहमत अली के बेटे से हो गयी, जिसने सलमान से अपनी बहन असमाउल खां शाह 27 वर्ष से शादी का प्रस्ताव रखा। सलमान ने 29 मार्च 2023 को बांग्लादेश जाकर उसकी बहन से कोर्ट मैरिज कर ली और उसे टूरिस्ट बीजा पर अपने घर हसनपुर टान्डा ले आया। जनवरी 2024 को असमाउल की टूरिस्ट बीजे की अवधि समाप्त हो गयी, बावजूद इसके वह बांग्लादेश वापस न जाकर यहीं पर अवैध रूप से रहने लगी। दोनों के दस माह की एक बेटी भी है। 12 जनवरी 2025 को सलमान नौकरी करने फिर सउदी अरब चला गया तभी से असमाउल अपनी सास के साथ हसनपुर टान्डा गांव में रह रही थी। बांग्लादेशी महिला के अवैध रूप से रहने की जानकारी सीओ जगतराम कनौजिया को स्थानीय अभिसूचना इकाई एलआईयू से होने पर सोमवार को सीआ,े कोतवाल डीके सिंह, पुलिस बल के साथ हसनपुर टाण्डा पहुंचे। जहां से बांग्लादेशी महिला व उसकी दस माह की बेटी को कोतवाली फतेहपुर लाया गया। आईबी, एलआईयू ने पूछताछ के बाद महिला को बच्ची के साथ जिला मुख्यालय के वन स्टाप सेन्टर भेज दिया। सीओ ने बताया कि बांग्लादेशी महिला चोरी-छिपे अपनी सास के साथ गांव में रह रही थी। जानकारी होने पर पूछताछ के बाद उसे वन स्टाप सेन्टर बाराबंकी भेजा गया है।