बाराबंकी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची और महिला सहित तीन की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के लंबुवा गांव निवासी अनुप कुमार का 32 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार वर्मा अपनी 30 वर्षीय पत्नी शालिनी, 07 वर्षीय पुत्री राधा और कृष्णा 08 वर्ष के साथ एक बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल मऊ जा रहा था। मोपुरकीरत थोरथिया मार्ग पर बाजार के निकट सामने से आ रही पिकअप वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें राधा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीनों गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामवासी अस्पताल पहुंचने लगे जहां पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।
दरियाबादः थाने के ढेकवा नहर पटरी पर बाइक सवार बदोसराय थाने के दनापुर शुक्ल निवासी जितिन यादव ने वीरकिठाई के तिंदुरिया निवासी साइकिल सवार सीताराम को टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने सीताराम (55) को मृत घोषित कर दिया। जबकि जितिन का इलाज चल रहा है। इंस्पेक्टर मनोज सोनकर ने बताया कि दुर्घटना में घायल सीताराम की मौत हुई है। वह साइकिल से जा रहा था, बाइक सवार से भिंड़त हुई थी।
कोठीः क्षेत्र के महरूपुर गांव निवासी देशराज की 47 वर्षीय पत्नी उषा अपनी 20 वर्षीय पुत्र सूरज के साथ भानमऊ कपड़ों खरीदारी करने बुधवार की शाम आई थी। भानमऊ चौराहे पर अचानक सूरज बाइक सहित एक गोवंश सेे टकरा गया। जिससे नियंत्रित होकर वह बाइक सहित रोड पर गिर गया। जिसमें उषा गंभीर चोट आने के कारण मौके पर ही बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एबंुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां महिला की देर शाम मौत हो गई। जबकि घायल सूरज को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।



