-
उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान द्वारा 12 दिवसीय शिविर का हुआ उद्घाटन
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के संयोजन में ”गृहे गृहे संस्कृतम्” योजना के अंतर्गत द्वादशदिवसीय सरल संस्कृत भाषा शिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ। हरख ब्लॉक के जेपीएम गुरुकुल एकेडमी में यह शिक्षण शिविर 10 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक तक चलेगा।
इस अवसर पर प्रशिक्षक सीताकान्त स्वयंभू ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य संस्कृत भाषा के प्रति समाज में जागरूकता उत्पन्न करना, संस्कृत के प्रति संकोच को समाप्त करना, तथा इसे जनसामान्य की बोलचाल की भाषा बनाना है। शिविर में सम्मिलित बालक-बालिकाएँ खेल-खेल में संस्कृत भाषा सीख रहे हैं। संस्कृत शिक्षा को बोझिल न बनाते हुए इसमें गीत-संगीत, संवाद, शब्द-पहेलियाँ, चित्रों व अभिनय के माध्यम से भाषा को सजीव और रोचक बनाया जा रहा है। प्राचार्या सविता द्विवेदी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत को घर-घर पहुँचाना, केवल भाषा-प्रसार का प्रयास नहीं, अपितु हमारी संस्कृति, संस्कार और आत्मगौरव को पुनः जागृत करने की प्रक्रिया है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विद्यालय के प्रबन्धक आलोक शर्मा उपस्थित रहे।




