बाराबंकी। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के औसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात बदमाशों ने गेट का ताला और चैनल तोड़कर 20 लाख रुपये से अधिक की चांदी व दानपात्र में मौजूद नकदी चोरी कर ली। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र इस मंदिर में हुई चोरी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी, सीओ समीर सिंह, एसडीएम राजेश विश्वकर्मा सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।




