बाराबंकी। कोतवाली नगर व मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
मोहम्मदपुरखाला थाना क्षेत्र के बसौली गांव निवासी शिवबहादुर विश्वकर्मा का 35 वर्षीय पुत्र शिवपाल सूरतगंज गया था। जहां से अपनी बाइक से वापस आ रहा था। इसी दौरान सूरतगंज-फतेहपुर मार्ग पर बसौली गांव के पास अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दी। दुर्घटना में शिवपाल को गंभीर चोटें पहुंची। आनन-फानन में लोगों ने शिवपाल को सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से घर में चीख पुकार मच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वहीं कोतवाली क्षेत्र में दारापुर गांव निवासी सहजराम का 35 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार शनिवार की रात लगभग 10 बजे आलापुर से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान दारापुर गांव के पास अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर बने कट से पार करते समय लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तर डबलडेकर बस ने मनोज की बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। बस गोरखपुर से सवारियां लेकर हरियाणा प्रदेश जा रही थी। बताया जाता है कि मनोज बिजली टावर कंपनी में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। जिसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।