बाराबंकी। प्रेमी के साथ रह रही पत्नी को वापस लाने की उम्मीद में गांव पहुंचे युवक ने जब पत्नी का इंकार सुना, तो आहत होकर फांसी लगाकर जान दे दी। उसकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुदकुशी की बात कबूल की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना चुनार क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी जीतू (35) पुत्र मोहन कुछ समय से अपनी पत्नी के साथ लखनऊ में मजदूरी करता था। वहीं, सात माह पूर्व उसकी पत्नी का संपर्क लोनी कटरा थाना क्षेत्र के एक युवक से हो गया और दोनों ने भागकर शादी कर ली।
पत्नी को मनाने गांव पहुंचा था जीतू: सोमवार शाम जीतू अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए गांव पहुंचा था। उसने पत्नी को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह प्रेमी के साथ ही रहने पर अड़ी रही। स्थिति बिगड़ती देख जीतू ने 112 नंबर पर पुलिस को बुलाया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया और लौट गई।
सुबह बाग में मिला शव: पत्नी की बेरुखी से टूट चुका जीतू रात में गांव के पास हुसैनाबाद के एक बाग में गया, जहां उसने साड़ी में लगने वाली लैस की रस्सी से आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव लटकता देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को मिला सुसाइड नोट: मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने आत्महत्या करने की बात लिखी है। थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।