शासन के निर्देश पर श्रीराम वन कुटीर आश्रम पहुची स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय टीम
बाराबंकी। श्रीराम वन कुटीर आश्रम, हड़ियाकोल में संचालित देश के सबसे बड़े निःशुल्क नेत्र (मोतियाबिंद) ऑपरेशन शिविर का गुरुवार को निरीक्षण एवं मरीजों का हाल-चाल लेने उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की उच्चस्तरीय टीम आश्रम पहुँची।
सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि निरीक्षण दल में डॉ. शुभा मिश्रा (निदेशक, राष्ट्रीय कार्यक्रम), डॉ. सरला चौधरी (संयुक्त निदेशक), डॉ. पंकज सक्सेना (संयुक्त निदेशक, नेत्र), डॉ. अवधेश कुमार यादव (मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बाराबंकी), डॉ. डी.के. श्रीवास्तव (डीपीएम), टी.एन. वर्मा एवं अंकुर वर्मा शामिल रहे।
डॉ. शुभा मिश्रा ने ओपीडी, पैथोलॉजी विभाग, ऑपरेशन थिएटर एवं वार्ड का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने देश के प्रसिद्ध नेत्र सर्जन डॉ. जैकब प्रभाकर एवं उनकी टीम से भेंट कर उत्तर प्रदेश आकर निःस्वार्थ भाव से मरीजों को रोशनी प्रदान करने हेतु बधाई दी। उन्होंने कहा कि “इतना सफल एवं सुव्यवस्थित मेडिकल कैंप मैंने अपने जीवन में पहली बार देखा है। मरीजों का इस अस्पताल के प्रति विश्वास ही इस शिविर की सबसे बड़ी सफलता है।” डॉ. शुभा मिश्रा ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आकर सभी जाति एवं धर्म के गरीब मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय सेवा कार्य है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने ट्रस्ट पदाधिकारियों से मुलाकात कर आश्वासन दिया कि किसी भी समय स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, डीपीएम बाराबंकी ने बताया कि 28 दिसंबर से संचालित नेत्र शिविर में अब तक 4,253 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 2,722 मरीजों के सफल ऑपरेशन डॉ. जैकब प्रभाकर की टीम द्वारा आईओएल विधि से किए गए हैं।
आश्रम के सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि वर्ष 1984 से निरंतर सर्जिकल टीमों को लाने वाले शिविर निदेशक एवं प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जे.के. छापरवाल (उदयपुर) की 100 सदस्यीय मेडिकल टीम को आज डॉ. आनंद गुप्ता (वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट एवं अध्यक्ष, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन राजस्थान) द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर बाराबंकी के लिए रवाना किया गया।
डॉ. जे.के. छापरवाल ने बताया कि इस 100 सदस्यीय टीम में 40 विशेषज्ञ सर्जन, 60 नर्सिंग स्टाफ, 10 वैद्य, 5 तकनीशियन, वार्ड बॉय, आया एवं समाजसेवी शामिल हैं। यह टीम 11, 12 एवं 13 जनवरी को हर्निया, हाइड्रोसील एवं पाइल्स के निःशुल्क ऑपरेशन करेगी। इस टीम में अहमदाबाद (गुजरात), भिवानी (हरियाणा), दिल्ली, जयपुर, कोलकाता एवं लखनऊ से आए विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी निःशुल्क सेवाएँ देंगे।