बाराबंकी। विद्युत पोल के स्टे पर दौड़ रहे करंट की चपेट में आए 65 वर्षीय किसान की गुरुवार को मौत हो गई। घटना के बाद से घर में चीख पुकार मच गई। करंट लगने की सूचना पर ग्रामीणों ने आपूर्ति बंद कराने के लिए विभाग से संपर्क किया लेकिन फोन नहीं उठाया गया। परिजनों ने विभागीय लापरवाही से मौत होने का आरोप लगाया है।
कुर्सी थाना क्षेत्र के पुत्तन खेड़ा मजरे मौहसंड निवासी लल्लू लाल पुत्र बृजलाल सिंह गुरुवार की सुबह खेत गए थे। जहां से दोपहर में वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में घर के निकट पहुंचने पर खड़े होकर गांव के कुछ लोग से बाते करने लगे। इस दौरान लल्लू ने पास लगे विद्युत पोल के स्टे पर हाथ रख दिया। जिसमें पहले से दौड़ रहे करंट की चपेट में आकर वृद्ध चिपक गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली बंद कराने के लिए विभाग को फ़ोन किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। लोगों ने आनन-फानन में सूखे बास से किसी तरह तार हटाकर लल्लू को छुड़ाया। परिजन झुलसे वृद्ध को सीएचसी घुंघटेर लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर पहुंची घुंघटेर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लल्लू की मौत से उनकी पत्नी अकेला रही गई। दोनों को कोई संतान नहीं थी। विधवा हुई पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।