परिवार के ही युवक पर नशे में धुत होकर ट्रैक्टर चलाने का आरोप
बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में गुरूवार की देर रात नशे से धुुत होकर चला रहे चालक से अनियंत्रित ट्रैक्टर पिलर तोड़ते हुए बरामदे में जा घुसा। ट्रैक्टर पत्नी बच्चों के साथ सो रहे एक व्यक्ति पर चढ़ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई जबकि, पत्नी और दो बच्चों को भी आंशिक चोटे पहुंची है। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दिया है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बेहड़ा बजार निवासी माता प्रसाद का 45 वर्षीय पुत्र राजेश गुरूवार की रात में अपनी पत्नी और दो बच्चे मुकेश (13) व आलोक (10) के साथ सो रहा था। रात लगभग 12 बजे परिवार का अमरेश पुत्र सीताराम ट्रैक्टर लेकर आया और अनियंत्रित होकर पिलर को तोड़ते हुए एक बरामदे में घुस कर राजेश के सीने पर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही राजेश की मौत हो गई। जबकि पत्नी और दोनों बच्चों को भी आंशिक चोट पहुंची है। जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मची है। बताया जाता है कि चालक अमरेश नशे से धुत था, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बरामदे में जा घुसा, और राजेश पर चढ़ते हुए दीवार से टकरा कर सीधा हो गया। इसमें बरामदे की दूसरी दीवार भी पिलर के साथ क्षतिग्रस्त हो गई।