पूर्व पति के साथ मिलकर महिला ने घोंटा था पति का गला
02 जुलाई को देवा के खजुहा गांव में मिलाा था युवक का शव
बाराबंकी। अवैध सबंधों का विरोध करने पर एक पत्नी ने अपने पहले पति के साथ मिलकर पति की गला घोंट कर हत्या की थी। जिसका शव 17 दिन पूर्व देवा के खजुहा गांव में मिला था। देवा पुलिस ने आरोपी पत्नी व उसके पूर्व पति को गिरफ्तार जेल भेज दिया है। जिनके पास से आलाकत्ल एक रस्सी बरामद हुई है।
देवा थाना के खजुहा मजरे सलारपुर निवासी राम शंकर ने पुलिस को सूचना दी थी कि 02 जुलाई को उसके 45 वर्षीय पुत्र रामसजीवन की गला घोंट कर हत्या कर दी गई। रामशंकर ने पुत्र की हत्या का आरोप बहू चंद्रकला व उसके पूर्व पति भारत पुत्र भभूति निवासी खजुहा थाना देवा पर लगाया था। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी। 19 जुलाई को पुलिस ने खजुहा गांव के पास से हत्यारोपित पत्नी व उसके पूर्व पति को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशांदेही पर आला कत्ल सूत की रस्सी बरामद की गई है। न्यायालय पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
इनसेट: पति हुआ असहाय तो पहले पति के करीब पहुंची महिलाः प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हत्यारोपित महिला ने पूछताछ में पता चला कि उसके पति राम सजीवन के पैर में चोट लग गई थी, जिससे उसके उपचार में काफी पैसा खर्च हो रहा था। पति भी कुछ कर पाने में असहाय था। जिससे महिला का लगाव पुनः पहले पति भारत से हो गया। पहले पति से अवैध संबंधों की जानकारी होने पर रामसजीवन ने विरोध किया था। इसी रंजिश में पत्नी व पूर्व पति ने मिलकर रामसजीवन की गला घोंट कर हत्या की थी।