महिला अस्पताल में पर्चा बनवाने के दौरान हुई घटना, अभद्रता का आरोप
महिला होमगार्ड ने भी एसपी से की मामले की शिकायत
बाराबंकी। प्रसव कराने गई महिला के पति के साथ जिला महिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की है। इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों पर प्रसव के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है।
बुधवार को कोतवाली नगर के सरथरा गांव निवासी अखिलेश गौतम ने अपनी पत्नी आयुषी का छह माह पहले आपरेशन कराया था। अखिलेश बुधवार को टांके में सूजन आने के कारण महिला अस्पताल पत्नी को लेकर गया था। इस दौरान पर्चा बनवाने के दौरान वहां तैनात होमगार्ड मुन्नी देवी व स्वास्थ्य कर्मियों ने अभद्रता करने और मारपीट का आरेाप लगाया है। घटना के समय हॉस्पिटल माहौल में माहौल खराब होने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद तीमारदारों में भारी आक्रोश फैल गया।
पीड़ित पति ने मामले की शिकायत अस्पताल के अधीक्षक से की, जिस पर अस्पताल चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह ने मौके पर पहुंच कर मामले पर पूछताछ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि राष्ट्रीय स्वरूप वायरल इस वीडियो की वास्तविकता की पुष्टि नहीं करता है।
अवैध वसूली की खुली पोल: घटना के समय अस्पताल में मौजूद लोगों का कहना था कि यहां बिना पैसे के कोई भी काम नहीं होता। टांके काटने से लेकर सफाई तक के लिए वसूली की जाती है। कुछ महिलाओं ने बताया कि उनसे प्रसव के बाद साफ सफाई के लिए सौ से लेकर पांच सौ रुपये तक मांग गए। वहीं, टांके काटने पर भी स्टाफ ने खुलेआम पैसे की मांग की।
सीएमएस ने मारपीट का वीडियो देखा, जिसमें महिला होमगार्ड और अस्पताल कर्मी मरीज के तीमारदार के साथ धक्का-मुक्की और गालीगलौज करते दिख रहे हैं तो वह भी दंग रह गए। उन्होंने तत्काल संबंधित स्टाफ से स्पष्टीकरण तलब किया और जांच के आदेश दिए।
नहीं दूर हो रही अवैध वसूली की प्रथाः जिला महिला अस्पताल में तैनात सीएमएस तो बदल दिए जाते हैं लेकिन यहां मरीजों व तीमारदारों से अवैध वसूली की प्रथा कभी नहीं बदलती है। यहां स्वीपर, स्पॉट नर्स, हेल्पर से लेकर डॉक्टर्स तक तीमारदारों से प्रसव आदि चिकित्सा सुविधा के नाम पर बिना किसी डर के वसूली करते हैं। प्रसव के दौरान अगर केस थोड़ा सा भी गंभीर हुआ तो मनमानी वसूली करने से भी चिकित्सक जरा भी नहीं घबराते। मुंह मांगी रकम मिली तो ठीक नहीं तो लखनऊ रेफर करने की धमकी दी जाती है। मजबूरन तीमारदार नाते रिश्तेदार, दोस्तों व परिवारिक सदस्यों से कर्च लेकर मांग पूरी करते हैं।
इस मामले में सीएमएस डॉ प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है। तीमारदार के साथ हुई घटना अफसोसजनक है।
एसपी से शिकायतः वहीं अभद्रता और मारपीट की ओरापी होमगार्ड मुन्नी देवी ने भी कोतवाली नगर प्रभारी व पुलिस अधीक्षक को तहरीर दी है। जिसमें होमगार्ड ने भी अखिलेश पर अभद्रता करने व गाली गलौच करने का आरेाप लगाया है।