-
ईएनटी डॉक्टर विवेक ने किया था युवक की नाक का आपरेशन
-
अस्पताल में मची चीख पुकार, परिजनों ने काटा हंगामा
-
बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव लेकर चले गए परिजन
बाराबंकी। आस्था हॉस्पिटल में रविवार की सुबह एक युवक ने खर्राटे के समस्या से परेशान होने पर नाक का आपरेशन करवाया। आपरेशन के कुछ देर बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। भारी संख्या में पहुंचे परिवारीजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा काटा और प्रदर्शन किया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरेाप लगाया है। हालांकि परिजनों ने मामले की कोई तहरीर नही दी है। मौके पर कोतवाली नगर प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। नगर कोतवाल ने परिवारीजनों को ढांढस बंधाते हुए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की।
देवा कस्बा के मोहल्ला शेख-2 निवासी अब्दुल लतीफ का 25 वर्षीय पुत्र मो.गुफरान डेढ़ माह पहले सऊदी से वापस आया था। सोते समय खर्राटे की समस्या से ग्रसित होने के कारण नाक एवं गला रोग क्लीनिक पर ईएनटी डॉक्टर विवेक वर्मा को दिखाया था। जिस पर डॉक्टर ने गुफरान को नॉक की बढ़़ी हुई हडडी के चलते आपरेशन करने की सलाह दी थी। गुफरान के पिता अब्दुल लतीफ ने बताया कि डॉक्टर विवेक ने आपरेशन के लिए 19 जुलाई को देवा रोड स्थित डॉक्टर वीरेन्द्र पटेल के आस्था हॉस्प्टिल एवं डायग्नोस्टिक सेंटर में भर्ती कराया था। जिसके लिए उससे 70 हजार रूपए जमा कराने के लिए कहा गया था। लेकिन अभी केवल 40 हजार रूपए ही जमा किए गए थे। रविवार को डॉ विवेक वर्मा ने सुबह 07 बजे गुफरान का आपरेशन किया। बताया जाता है कि लगभग आधा घंटे चले आपरेशन के बाद मरीज को ओटी से वार्ड रूम में ट्रांसफर कर दिया गया था। जिसके कुछ घंटे बाद लगभग 11 बजे मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद अस्पताल में चीख पुकार मच गई। काफी संख्या में अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हंगामा काटा। हंगामे की सूचना पर कोतवाली नगर प्रभारी आरके राना सहित काफी संख्या में पुलिस बल अस्पताल पहुंच गया।
चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप: परिजनों ने चिकित्सक पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि परिजनों ने इसकी कोई लिखित शिकायत किसी से नहीं की है। परिजनों का आरोप है कि जब मरीज को ब्लीडिंग शुरू हुई तो ईएनटी डॉक्टर को फोन किया गया लेकिन काफी देर तक डॉक्टर नहीं आए। परिवारीजन तीन घंटे हुई ब्लीडिंग से युवक की मौत होने की बात कह रहे हैं। बिना पोस्टमार्टम कराए ही युवक का शव घर लेकर परिजन चले गए।




