साथियों के साथ नहाने गया था युवक, एक घंटे बाद गोताखोरों ने निकाला शव
बाराबंकी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र में धान की रोपाई करने के बाद सरयू नदी में नहाने गए युवक की डूब कर मौत हो गई। पुलिस के मदद से सरयू नदी से निकाले गए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रामनगर थाना के पंचायत मथुरा निवासी महेंद्र कुमार का 19 वर्षीय पु्त्र उमेश कुमार कुसौरा गांव के पास एक खेत में मजदूरी पर धान की रोपाई करने गया था। रोपाई के बाद बाद दोस्तों के साथ सरयू नदी के नाले (बंधा के किनारे) नहाने लगा। नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले जाने से युवक डूब गया। युवक को डूबता देख साथियों ने तुरंत पुलिस और उसके घर पर सूचना दी। वहीं स्थानीय गोताखोर के मदद से करीब एक घंटे बाद शव को बरामद कर लिया गया। उधर मौत की सूचना से परिवारजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं इस संबंध में तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया है, कि राजस्व निरीक्षक को भेजा गया है। उनके रिपोर्ट पर घर वालों को आर्थिक सहयोग दिलाया जाएगा। इंस्पेक्टर अनिल पाण्डेय ने बताया कि शव पोस्मार्टम के लिए भेज दिया गया है।