पीड़िता ने दर्ज कराया पति व ससुरलीजनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
बाराबंकी। चार वर्ष पहले महिला से निकाह के कुछ दिन बाद पति प्रदेश कमाने चला गया। जहां उसने दूसरी महिला के निकाह कर लिया। ससुराल पक्ष महिला से दो लाख रूपए और मोटर साइकिल की मांग अतिरिक्त दहेज के रूप में करने लगा। दहेज न मिलने पर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। महिला पर उस समय पहाड़ टूट पड़ा जब उसके पति ने प्रदेश से वीडियो काल दूसरी पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें दिखा कर तीन तलाक दे दिया। मामले की शिकायत पीड़िता ने मोहम्मदपुर खाला थाने दर्ज करायी।
थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्लामपुर मजरे केसराई निवासी 26 वर्षीय कैसरजहां ने अपने पति व ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए, मोहम्मदपुर खाला थाने पर तहरीर दी। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व सूरतगंज कस्बा निवासी वकील उर्फ फरीद (30) के साथ हुई थी। शुरुआती कुछ दिन सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोग दो लाख नगद और एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी बीच उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और टीबी हो गई। जिससे परिवार वालों ने छुआछूत की डर से उसे अलग थलग कर दिया।
महिला के अनुसार पति वकील कोलकाता में रहकर काम करता था। इस दौरान वहां दूसरी महिला से निकाह कर लिया। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पति ने वीडियो कॉलिंग के जरिए उसे दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं और फिर फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। पीड़िता कैसर जहां की शिकायत पर मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने पति वकील, ससुर यूनुस, सास सायरा, झनाका बानो, नाजरीन, अतीक, खालिक और एक नंद के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।