सोमवार की देर रात मसौली एवं फतेहपुर थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में युवक सहित दो की मौत
बाराबंकी। लखनऊ से दवाई लेकर शुक्रवार की रात घर वापस जा रहे एक युवक को बहराइच हाईवे पर मसौली थाना क्षेत्र में स्वीफ्ट कार सवार ने पीछे से ठोकर मार दी। मरणासन्न युवक को जिला अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत हो गई। वहीं फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के शुक्रवार की रात भगौली मार्ग पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति को बाइक सवार ने ठोकर मार दी। घायल को सीएचसी फतेहपुर से रेफर करने पर परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां देर रात उसकी मौत हो गई।
सहावपुर टोल प्लाजा के पास स्वीफ्ट कार में फंस कर रगड़ता रहा युवक: गोंडा जनपद के थाना कोतवली देहात अंतर्गत ग्राम पूरे तिवारी कस्बा बाल जाट निवासी मनोज कुमार चौबे का 30 वर्षीय पुत्र रज्जन चौबे शुक्रवार की सुबह लखनऊ अपनी दवाई लेने आया था। जहां से देर रात बाइक से घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रामनगर-बहराइच हाईवे पर सहावपुर टोल प्लाजा के पास पीछे आ रही तेज रफ्तार स्वीफ्ट कार ने ठोकर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना विभत्स था कि युवक कार के साथ लगभग एक किमी तक रगड़ता रहा है, जिससे मरणासन्न हो गया। पुलिस व स्थानीय लोगों ने एबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भिजवा कर परिजनों को हादसे की जानकारी दी। जिला पहुंचे घायल को चिकित्सकों ने देर रात मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार सहित फरार हो गया। सीसीटीवी की मदद से कार की पहचान मसौली पुलिस ने कर ली है।
बाइक की ठोकर से व्यक्ति की मौतः कोतवाली फतेहपुर के ग्राम बीबीपुर निवासी 50 वर्षीय रम्मा रावत पुत्र कीढ़ी लाल शुक्रवार की रात लगभग 9 बजे मजदूर करके पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान भगौली-फतेहपुर मार्ग पर कटघरा गांव के पास से पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने ठोकर मार दी। जिससे गंभीर रूप से घायल रम्मा को सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन घायल को जिला अस्पताल न ले जाकर सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उपचार दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शव कों का पोस्टमार्टम कराया।