बगैर हेलमेट पेट्रोल फरवाने पहुंचे चालकों को चालान करती एआरटीओ अंकिता शुक्ला साथ में मौजूद यातायात प्रभारी राम यतन यादव
पहले ही दिन 22 दोपहिया चालकों का चालान, 3 पेट्रोल पंपों पर की गई कार्रवाई
बाराबंकी। शासन के निर्देश पर जिले में 1 से 30 सितम्बर 2025 तक ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के तहत बिना हेलमेट पहने पेट्रोल लेने पहुंचे चालकों को फ्यूल नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही परिवहन विभाग व ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीमें पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण करेंगी, और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
पहले दिन 22 का हुआ चालान: अभियान के पहले ही दिन तीन पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर 22 दोपहिया चालकों का चालान किया गया। अधिकारियों ने मौके पर पेट्रोल पंप प्रबंधकों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्मचारियों को अभियान के बारे में पूरी जानकारी दें और नियम का सख्ती से पालन कराएं।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें। नियमों का उल्लंघन करने पर न केवल फ्यूल से वंचित होना पड़ेगा, बल्कि चालान व कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।