दहेज प्रताड़ना का आरोप, पति के साथ जेठ-जेठानी भी नामजद
बाराबंकी। दस साल पहले हुए निकाह के बाद एक महिला को दहेज के लिए तीन तलाक बोल कर घर से भगा दिया गया। यहीं नही इससे पहले महिला का दो बार गर्भपात भी ससुरालीजनों ने धोखे से करा दिया। एसपी के आदेश पर रामनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रामनगर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर कस्बा निवासी मो. इशरार की पुत्री मन्तशा बानो का निकाह 2015 में सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के मोतीपुर निवासी जैनुल से हुआ था। निकाह के समय दिए गए दहेज से ससुराली खुश नहीं थे और इसके बाद से ही महिला को शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
मन्तशा ने बताया कि ससुराल वालों ने अतिरिक्त तीन लाख रुपये नगद और सोने की चैन की मांग की, जो न पूरी होने पर पति जैनुल, जेठ फारूख और जेठानी शायरा ने लगातार मारपीट और भूखे रखा। पीड़िता का आरोप है कि पति और जेठ-जेठानी दूसरी शादी करने की फिराक में हैं।
स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रामनगर पुलिस ने आरोपी पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।