बाराबंकी। कोतवाली नगर, सफदरगंज, रामनगर और मसौली समेत आसपास के इलाकों में लगातार हो रही चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी सफदरगंज थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
प्यारेपुर सरैया मोड़ से गिरफ्तारी: गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार गोस्वामी पुत्र विनोद कुमार गोस्वामी उर्फ क्षम्मन, निवासी ठकुरापुर डिहवा, कोतवाली नगर, गोंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 13 सितंबर को सफदरगंज क्षेत्र के प्यारेपुर सरैया मोड़ से दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 मोबाइल फोन, ₹17,000 नकद, सोने-चांदी की ज्वैलरी, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी संतोष यादव निवासी ग्राम धनख, थाना कोतवाली देहात, गोंडा के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से अलग-अलग जिलों में घूमता था और सुनसान इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर पर्स, ज्वैलरी, मोबाइल आदि लूटता था। लूटी गई मोबाइल की बैटरी बेचकर पैसे कमाए जाते, जिसे गैंग के सदस्य आपस में बांट लेते थे। मोटरसाइकिलें वारदात के बाद बदल दी जाती थीं ताकि पहचान न हो सके।
वांछित की तलाश जारी: पुलिस अब इस गैंग के दूसरे सदस्य संतोष यादव की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उसके पकड़े जाने के बाद और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।
यहां हो चुकी हैं घटनाएं: सफदरगंज थाना क्षेत्र के पल्हरी के पास 11 सिंतबर को महिला का पर्स छीना गया था। मसौली थाना क्षेत्र के करसंडा नहर के पास अलग अलग दिनों में दो मोबाइल छीने गए। 17 जुलाई 25 को कोतवालीनगर के फांडेशन स्कूल के पास एक महिला से सोने की चेन तथा नगदी, 25 अगस्त 25 को रामनगर कोतवाली क्षेत्र में मुंशीपुरवा नहर के पास एक ई-रिक्शा से जा रही महिला से बदमाशों ने पर्स छीना था, जिमसें मोबाइल, चांदी की बिछिया व अंगूठी रखी थी।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय ने ने टीम की सराहना करते हुए आगे भी इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।