बाराबंकी। गुजरात के अहमदाबाद में काम करने गए दरियाबाद थाना क्षेत्र के कमोली गांव निवासी सिरताज (20 वर्ष) पुत्र असमत अली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार भोर में जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस स्वास्थ्य खराब होने पर मौत कहते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही करने की बात कर रही है।
मां ने साथियों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां अर्जमुल ने आरोप लगाया कि बेटे को गांव के नौमीलाल अपने दो बेटों के साथ काम दिलाने अहमदाबाद ले गए थे। शव पर चोट के निशान नजर आ रहे हैं, जिससे आशंका है कि सिरताज की पिटाई कर हत्या की गई है।
पुलिस ने कहा तबियत बिगड़ने से हुई मौत
प्रभारी निरीक्षक मनोज सोनकर ने बताया कि सिरताज की तबीयत 20 सितंबर को बिगड़ी थी। साथियों के अनुसार उसने दवा ली, लेकिन सुधार नहीं हुआ। अगले दिन हालत ज्यादा खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।