बाराबंकी। बुधवार को भोर में टहलने गई एक 45 वर्षीय महिला की गांव बाहर स्थिति तालाब में संदिग्ध परिस्थतियों में डूबने से मौत हो गई। गांव के बच्चे तालाब के पास पहुंचे तो उन्हें महिला का उतराता हुआ शव दिखा। जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। पुलिस को सूचना देकर ग्रामीणों ने शव को बाहर निकलवाया।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम झलिया निवासी गौरी शंकर की 45 वर्षीय पत्नी सीमा बुधवार की सुबह पांच बजे गांव के बाहर टहलने के लिए गई थी। गांव से 300 मीटर दूर स्थित बाबा कुटी ककरहिया तालाब में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला डूब गई। सीमा के देवर दयाशंकर ने बताया कि लगभग 07 बजे गांव के कुछ लड़के टहलते-टहलते तालाब के पास गए तो उन्हें तालाब में भाभी का उतराता हुआ शव दिखा। लड़कों ने घर पहुंच कर जानकारी दी। तालाब के पास पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।