बाराबंकी। देवा-चिनहट मार्ग पर ग्वारी के पास मंगलवार की शाम एक तेज रफ्तार कार ने मोटर साइकिल में पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को स्थानीय लोगों ने एबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल फिर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय युवक की रास्ते में ही मौत हो गई।
देवा थाना क्षेत्र के ग्राम हाजीहार निवासी 30 वर्षीय विकास पुत्र विनोद गौतम 23 सिंतबर की शाम 07 बजे ड्यूटी से वापस घर देवा-चिनहट रोड होते हुए आ रहा था। इसी दौरान ग्वारी के पास खंता मोड़ पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने मोटर साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल युवक को देवा सीएचसी भेजा जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से भी चिकित्सकों ने घायल युवक को नाजुक हालात में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर जाते समय घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घर शव लेकर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।