बाराबंकी। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। मृतकों में एक रायबरेली निवासी युवक शामिल है, जिसे सामने से आ रहे डंपर ने रौंद दिया। वहीं, लखनऊ-बहराइच मार्ग पर बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में नौ लोग घायल हुए।
रायबरेली के युवक की मौके पर मौत
रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के जयचंदपुर मजरे बैंती निवासी शिव प्रसाद का 25 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार सोमवार शाम बाइक से घर लौट रहा था। हैदरगढ़ मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।
बस और कार में भिड़ंत, नौ घायल
लखनऊ से बहराइच जा रही बहराइच डिपो की रोडवेज बस रामनगर क्षेत्र के सुरवारी में ओवरटेक के दौरान गोंडा से आ रही कार से टकरा गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार नौ लोग घायल हो गए। घायलों में गोंडा निवासी अलखराम, जरवल रोड अलीपुर निवासी अंग्रेज बहादुर, लालपुर के अरुण कुमार व उनकी पुत्री रेशमा, करनैलगंज के चैनपुरवा निवासी उषा पत्नी रक्षा राम, उमर, तरबगंज के तिवारी बाजार निवासी रामरति पत्नी उदाराम, उधोरम तिवारी तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
सभी घायलों को मसौली सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। मौके पर रामनगर बस अड्डा के मनीष तिवारी पहुंचे और यात्रियों को दूसरी बस से रवाना कराया।
सड़क पर सियार आने से हादसा, युवक की मौत
सूरतगंज क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के पर्वतपुर निवासी दुर्गेश अवस्थी सोमवार देर शाम बभनवां से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक सियार आ जाने से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। गंभीर रूप से घायल दुर्गेश को राहगीरों ने सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल और फिर ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अन्य हादसों में कई घायल
मटेहना में साइकिल सवार पेंटर अंशु को बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार सूरतगंज निवासी तौफिक भी चोटिल हुआ। इसके अलावा मोहम्मदपुर खाला के ठाकुरपुरवा निवासी चांदबाबू अपनी पत्नी को मायके छोड़कर लौट रहे थे। उनके साथ सईद भी सवार थे। फतेहपुर-सूरतगंज मार्ग पर बसौली के पास अज्ञात कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पास से गुजर रहे पैदल मोल्हे से जा टकराई। हादसे में तीनों चांदबाबू, शहीद और मोल्हे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से सूरतगंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।