दोनों मामलों में कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरु की जांच
बाराबंकी। साइबर अपराधियों ने एक लखीमपुर में तैनात बाराबंकी के सिपाही सहित दो सरकारी कर्मचारियों को अपने जाल में फंसा कर दोनों से एक लाख 38 हजार की आनलाइन ठगी कर ली दोनों पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पहला मामला मोहल्ला विजय नगर, थाना शहर कोतवाली निवासी नीरज गुप्ता का है, जो वर्तमान में जनपद लखीमपुर खीरी में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। नीरज के अऩुसार 17 अगस्त 2025 को ₹93 हजार का ऑनलाइन फ्रॉड हुआ। पहली बार में ₹80 हजार तो दूसरी बार ₹13 हजार की राशि उनके बैंक खाते से ट्रांसफर कर ली गई। उन्होंने घटना के तुरंत बाद 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अभी तक राशि होल्ड नहीं हो सकी है।
दूसरा मामला वन विभाग कॉलोनी, बाराबंकी निवासी वैभव प्रकाश का है, जो वन विभाग में कर्मचारी हैं। उनके एचडीएफसी बैंक खाते से 08 सितंबर 2025 की रात 10:45 बजे साइबर अपराधियों ने ₹45 हजार सात सौ की रकम निकाल ली। उन्होंने 09 सितंबर को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, परंतु अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों पीड़ितों की तहरीर पर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।