बाराबंकी। बरेठी स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में शनिवार को भारतीय संविधान निर्माण की प्रारूप समिति के अध्यक्ष एवं भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधक योगेंद्र बहादुर सिंह विसेन ने दीप प्रज्वलित कर एवं बाबा साहेब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करके की।
इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने डॉ. अंबेडकर के अद्वितीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि बाबा साहेब भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्होंने भारतीय संविधान के माध्यम से दलितों, वंचितों और पिछड़े वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने का जो ऐतिहासिक प्रयास किया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उनके विचार और संघर्ष सदैव समाज को दिशा देते रहेंगे।
कार्यक्रम में हिमांशु चतुर्वेदी, प्रेम कुमार यादव, बलराम सिंह, मनीष यादव, राहुल देव वर्मा, शिवानी वर्मा, रोशनी सिंह, अराधना यादव, खुशबू सिंह सहित अन्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भी बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधक योगेंद्र बहादुर सिंह विसेन ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।