बाराबंकी। प्राथमिक शिक्षकों के लंबित वित्तीय मामलों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को जिला वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार मौर्य को ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पहुंचे संगठन पदाधिकारियों ने GPF कटौती वाले शिक्षकों की लेखा पर्ची जारी करने, DA अवशेष 55 से 58 प्रतिशत का भुगतान करने तथा अंतर्जनपदीय स्थानांतरण प्राप्त शिक्षकों का बोनस भुगतान शीघ्र कराने की मांग उठाई।
अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि कई वर्षों से GPF कटौती वाले शिक्षकों को बैलेंस की जानकारी हेतु लेखा पर्ची उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे शिक्षक अपने वास्तविक GPF बैलेंस को लेकर असमंजस में हैं। ऐसी स्थिति में लेखा पर्ची जारी किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
संगठन ने जुलाई, अगस्त और सितंबर 2025 के DA अवशेष का भुगतान तथा वित्तीय वर्ष 2024–25 के लिए अंतर्जनपदीय शिक्षकों का बोनस शीघ्र जारी करने की मांग भी रखी।
इस पर वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष कुमार मौर्य ने आश्वासन दिया कि नव वर्ष से पूर्व DA अवशेष और बोनस भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी, और आवश्यक कार्यवाही जल्द कराई जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री नीरज कुमार वर्मा, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव, जिला संगठन मंत्री सुधीर चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ वर्मा सहित कई शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।