- मंत्री ने किया उप निबंधक कार्यालय का किया उद्घाटन
- बोले 10-20 रुपये के स्टाम्प की जगह सादे कागज पर शपथ पत्र की व्यवस्था पर चल रहा मंथन
बाराबंकी। स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रवीन्द्र जायसवाल मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने तहसील नवाबगंज सदर में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय का उद्घाटन किया। नए कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को जमीन-जायदाद एवं अन्य संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों के पंजीकरण के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
उद्घाटन के बाद राज्यमंत्री ने निबंधन विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित शुल्क से एक रुपया भी अतिरिक्त लेने वाले कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निबंधन विभाग में यदि कोई व्यक्ति एक रुपया भी अतिरिक्त लेता है तो उसके खिलाफ निलंबन जैसी कार्रवाई की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को पारदर्शी, सुगम और बिना किसी परेशानी के निबंधन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
स्टाम्प की जगह सादे कागज पर शपथ पत्र की तैयारी
राज्यमंत्री ने शपथ पत्र में इस्तेमाल होने वाले 10 और 20 रुपये के स्टाम्प को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार इस व्यवस्था को और सरल बनाने पर विचार कर रही है। इसके तहत यह कानूनी राय ली जा रही है कि शपथ पत्र के लिए स्टाम्प की अनिवार्यता समाप्त कर सादे कागज पर शपथ पत्र की व्यवस्था की जा सकती है या नहीं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को अनावश्यक औपचारिकताओं और अतिरिक्त खर्च से राहत देना है। हालांकि, सादे कागज पर शपथ पत्र की व्यवस्था लागू करने से पहले कानूनी राय लेने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों से किया संवाद
कार्यालय के उद्घाटन के बाद रवीन्द्र जायसवाल ने जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों से मुलाकात की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर निबंधन सेवाओं से जुड़ी समस्याओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद वह रामसनेहीघाट के लिए रवाना हो गए, जहां मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित आंगनबाड़ी एवं महिला कल्याण सम्मान समारोह में उन्हें ऑनलाइन शामिल होना था।
जायसवाल समाज ने किया राज्यमंत्री का स्वागत
रजिस्ट्री कार्यालय के उद्घाटन के बाद रवीन्द्र जायसवाल डाक बंगला पहुंचे। इस दौरान उनके साथ खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद दोनों मंत्री महंत बीपी दास बाबा के आवास पहुंचे, जहां जायसवाल समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया।
समाज के लोगों से संवाद करते हुए रवीन्द्र जायसवाल ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। व्यापारियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर व्यापारियों की समस्याओं की अपेक्षित अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।
कार्यक्रम में जायसवाल महिला समाज, जायसवाल युवा समाज समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने मंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उन्हें भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अतुल कुमार सिंह, आदित्य सिंह टाइगर, प्रदीप जायसवाल, मनोज जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, राकेश जायसवाल बाबा, सतीश जायसवाल, समाजसेवी सुरेंद्र जायसवाल सूर्या, विजय जायसवाल, राजू जायसवाल, चंदन जायसवाल, श्यामू जायसवाल, सुभाष जायसवाल बेलहरा, सौरभ जायसवाल, शरद जायसवाल, गोरखनाथ जायसवाल, नवीन जायसवाल, मनोज जायसवाल प्रतापगंज, ललित जायसवाल, जयप्रकाश जायसवाल, नरेश जायसवाल, लालजी जायसवाल, पूनम जायसवाल, अंजली सिंह, प्रदीप जैन, रविनन् खजान्ची, देवराज त्रिपाठी सभासद, रामू लोधी सभासद, मारुति पाठक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।



