बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में सोमवार दोपहर शिकायत का निस्तारण करने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम के सामने ही विवाद बढ़ गया। आरोप है कि समझाने के दौरान नाराज युवक ने अचानक चौकी प्रभारी पर बाइक चढ़ा दी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत छेदा के चोकीपुरवा निवासी झल्लू ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर गांव के ही रामनरायन द्वारा भूमि कब्जाने की शिकायत की थी। प्रकरण की जांच के लिए तहसील से काननूगो जगतराम वर्मा, लेखपाल हिमांशु वर्मा और सूरतगंज चौकी प्रभारी अरुण सिंह टीम के साथ गांव पहुंचे थे।
मौके पर दोनों पक्षों झल्लू और रामनरायन के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान चौकी प्रभारी अरुण सिंह ने विवाद शांत कराने के लिए रामनरायन को थाने ले जाने की बात कही। आरोप है कि तभी पीछे से अनिल उर्फ नीला और पलटू ने चौकी प्रभारी पर बाइक चढ़ा दी, जिससे वह घायल हो गए।
घायल दरोगा को सूरतगंज सीएचसी ले जाया गया, लेकिन मेडिकल ऑफिसर न मिलने पर उन्हें फतेहपुर सीएचसी रेफर किया गया। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
एसएचओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से बाइक चढ़ाने का प्रयास किया। इस संबंध में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।