बाराबंकी। सर्वधर्म समभाव के प्रतीक श्रीराम वन कुटीर आश्रम हड़ियाकोल में संचालित निःशुल्क नेत्र (मोतियाबिंद) ऑपरेशन शिविर में सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द सिंह गोप पहुंचे। आश्रम पहुंचकर उन्होंने सर्वप्रथम स्वामी विवेकानन्द जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद ऑपरेशन कक्ष में जाकर प्रसिद्ध नेत्र सर्जन डॉ. जैकब प्रभाकर (जालंधर) एवं उनकी टीम से मुलाकात कर हजारों गरीब मरीजों को रोशनी प्रदान करने के लिए साधुवाद दिया।
पूर्व मंत्री ने ऑपरेशन कक्ष व वार्ड में भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना और रोगहरण श्रीहनुमान जी के मंदिर में दर्शन कर मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने व अच्छी दृष्टि प्राप्ति की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर के महंत भगवानदास जी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
आश्रम के सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. श्रीवास्तव, वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी टी.एन. वर्मा एवं नेत्र परीक्षण अधिकारी रामअचल द्वारा अस्पताल पहुंचकर ऑपरेशन कराने आए मरीजों से भेंट की गई। डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि शिविर में अब तक कुल 3477 मरीज ओपीडी में पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें से 2282 मरीजों के नेत्र ऑपरेशन सफलतापूर्वक डॉ. जैकब प्रभाकर की टीम द्वारा किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में जिले के प्रसिद्ध नेत्र सर्जन डॉ. विवेक वर्मा भी आश्रम पहुंचे। उनका स्वागत रामकृष्ण मिशन द्वारा संचालित निःशुल्क शिक्षा केंद्र गदाधर अभ्युदय प्रकल्प के कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत बच्चों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ किया गया। डॉ. विवेक वर्मा ने कलकत्ता से पधारे प्रसिद्ध होजरी निर्माता रामकिशन राठी के साथ स्वामी विवेकानन्द जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
डॉ. विवेक वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह संकल्प कि प्रत्येक व्यक्ति को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों, उसे श्रीराम वन कुटीर ट्रस्ट समिति निःस्वार्थ भाव से साकार कर रही है। उन्होंने ट्रस्ट सदस्य शिव कुमार निगम को मरीजों की सेवा के लिए अपना अंशदान भी प्रदान किया।




