बाराबंकी। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सोमवार को कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लिया। कोतवाली पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय में अभिलेखों के रखरखाव, शस्त्रागार, मिशन शक्ति कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, लंबित विवेचनाओं की स्थिति और क्षेत्र में की जा रही पुलिसिंग की समीक्षा की।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं दिव्यांशी शर्मा तथा शशि और लाली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा एक निर्धन छात्रा को साइकिल, स्टेशनरी, ड्रेस सहित आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। छात्रा को सहायता मिलने पर उसकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े।
एसपी ने ग्राम प्रहरियों को साफा व कंबल वितरित किए तथा थाना परिसर में पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं और जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाया जाए। निरीक्षण के अवसर पर सीओ संगम कुमार और प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार त्रिपाठी उपस्थित रहे। एसपी द्वारा कुल 85 लोगों को शॉल भी वितरित किए गए। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी संगम कुमार मौजूद रहे।




