जालौन (उरई)। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ पत्नी से नए साल की बधाई न मिलने से आहत एक सिपाही ने जहर खा लिया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 बैच के सिपाही ब्रह्मजीत, जो वर्तमान में जालौन (उरई) में तैनात हैं, का नए साल के दिन पत्नी से फोन पर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि पत्नी ने नए साल की शुभकामनाएं न देने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद के बाद सिपाही सरकारी आवास से निकलकर पास के जंगल की ओर चला गया।
कुछ समय बाद सिपाही ने अपनी पत्नी को फोन कर जहर खाने की सूचना दी और मोबाइल फोन बंद कर लिया। यह जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया।
सर्विलांस की मदद से सिपाही की लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने जंगल में खोजबीन कर उसे बेसुध अवस्था में बरामद किया। सिपाही को तत्काल उरई स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने समय रहते इलाज शुरू किया।
चिकित्सकों के अनुसार, उपचार के बाद अब सिपाही की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस विभाग द्वारा पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और सिपाही के स्वस्थ होने के बाद आवश्यक काउंसलिंग की भी बात कही जा रही है।