बाराबंकी। समायोजन और स्थानांतरण आदेश निर्गत किए जाने की मांग को लेकर बुधवार को यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से मिला और शीघ्र आदेश जारी करने की मांग की।
शिक्षकों ने बताया कि विभागीय निर्देशों के क्रम में जनपद बाराबंकी में सैकड़ों शिक्षकों को एकल एवं बंद विद्यालयों में भेजे जाने हेतु 31 दिसंबर 2025 को यू-डाइस मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से कार्यमुक्त कर दिया गया है। नियमानुसार विद्यालय में सबसे कनिष्ठ शिक्षक को स्थानांतरित किया जाना चाहिए, किंतु कुछ विद्यालयों में कनिष्ठ न होने के बावजूद शिक्षकों के स्थानांतरण की आशंका व्यक्त की जा रही है।
एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक समायोजन आदेश निर्गत न होने से शिक्षकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है तथा गड़बड़ी की आशंका भी जताई जा रही है। संगठन ने बताया कि प्रदेश के कई अन्य जनपदों में समायोजन आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जिससे बाराबंकी के शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।
यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन ने मांग की कि जनपद में स्थानांतरित/समायोजित किए गए सभी शिक्षकों की सामूहिक सूची तत्काल जारी की जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
इस अवसर पर सत्येंद्र भास्कर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. हरेराम, कोषाध्यक्ष पूर्णेश प्रताप सिंह, विकास वर्मा, दिलीप वर्मा, आशुतोष बैसवार सहित कई शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।