बाराबंकी। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज–05” के अंतर्गत जिले में पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों में संचालित मिशन शक्ति केन्द्रों की महिला अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। महिला हिंसा एवं अन्य शिकायतों के निस्तारण हेतु वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 तथा एम्बुलेंस सेवा 108 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों की हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका से अवगत कराया गया। महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव एवं सतर्कता के उपायों की जानकारी भी दी गई।