अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
बाराबंकी। एसआईआर फार्म में संशोधन कराने के नाम पर 13 वर्षीय बालक के अपहरण करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में शामिल बोलेरो वाहन भी बरामद किया है।
थाना हैदरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत 10 जनवरी को अमेठी जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र निवासी राकेश कुमार पांडेय ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके भतीजे कार्तिक पांडेय को एसआईआर फार्म सही कराने के बहाने कार से ले जाकर अगवा कर लिया गया। आरोप है कि अपहरण के बाद बालक को हैदरगढ़ टोल प्लाजा के पास एक कमरे में बंद कर दिया गया था। मौका पाकर बालक वहां से भाग निकला और ग्रामीणों की मदद से डायल 112 पर सूचना दी।
मामले में थाना हैदरगढ़ पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर टीम गठित की गई। मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को अमेठी के इन्हौना थाना क्षेत्र के नूरेन व फैजल तथा शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के शिवम शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने एसआईआर फार्म संशोधन कराने के नाम पर फोन कर बालक को बुलाया और वहां से अपहरण कर बंद मकान में रखा था। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित नूरेन के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल, अपर निरीक्षक शैलेश यादव, उप निरीक्षक कपिल देव यादव व वेदप्रकाश गुप्ता सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।