बाराबंकी। नगर कोतवाली क्षेत्र के मुंशीगंज गली में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मोबाइल शॉप में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया। चोर शटर का ताला काटकर करीब 15 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद चोरी गए मोबाइल फोन शहर के लेडी बंग्ला मैदान के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो बोरियों से बरामद कर लिए।
जानकारी के अनुसार मुंशीगंज गली निवासी अरकम के मकान के भूतल पर मोबाइल फोन की बड़ी दुकान है। रविवार देर रात अज्ञात चोर ने दुकान के शटर का ताला कटर से काट दिया और भीतर रखे महंगे मोबाइल फोन चोरी कर लिए। सोमवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर स्थानीय दुकानदारों की भीड़ जुट गई।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार रात करीब एक बजे एक युवक दुकान के सामने आया और चादर बिछाकर वहीं सो गया। भोर करीब 3:59 बजे वह उठा और कटर से शटर का ताला काट दिया। इसके बाद करीब 25 मिनट के भीतर उसने मोबाइल फोन दो बोरियों में भरे और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आसपास इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर लेडी बंग्ला मैदान के झाड़ियों में दो बोरियों में मोबाइल फोन बरामद हुए। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल ने बताया कि अधिकांश मोबाइल फोन मिल गए हैं, हालांकि एक-दो मोबाइल गायब हो सकते हैं। पीड़ित द्वारा अभी तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस चोर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।




