बाराबंकी। जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाराबंकी–जैदपुर मार्ग पर रविवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। गिट्टी से लदे ट्राला की टक्कर से ऑटो सवार एक शिक्षक सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद ट्राला उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लखनऊ–अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज के नीचे से बाराबंकी–जैदपुर मार्ग गुजरता है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक सीएनजी ऑटो जैदपुर की ओर से सवारियां लेकर बाराबंकी आ रहा था। उसी समय गिट्टी से लदा ट्राला हाईवे से उतरकर सर्विस लेन की ओर आ रहा था।
मोड़ के पास ट्राला की ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही ऑटो में सवार एक युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसे ट्राला कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यातायात प्रभारी राम यतन यादव ने बताया कि मृतक की पहचान आशीष यादव (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उन्नाव जिले के मौरांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेयपुर गांव के निवासी थे। आशीष जैदपुर क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और वहीं किराए के मकान में रह रहे थे। बताया गया कि वह किसी आवश्यक कार्य से बाराबंकी आ रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बाराबंकी पहुंचे। उनके करुण क्रंदन से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने ट्राला को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।