-
दो दिन के अंदर ही स्वाट, सर्विलांस एवं कोतवाली हैदरगढ़ पुलिस ने किया घटना का राजफाश
-
आरोपी ने असंद्रा और रामसनेहीघाट क्षेत्र के मंदिर में भी चोरी करना स्वीकारा
बाराबंकी। हैदरगढ़ के औसानेश्वर मंदिर में दो दिन पूर्व हुई 20 लाख की चांदी सहित दानपात्र की नगदी चोरी के मामले में स्वाट, सर्विलांस एवं हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश किया है। इसके साथ ही दो अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का भी राजफाश हो गया।
पकड़े के आरोपियों के जानकारी पुलिस अधीक्षक अपित विजय वर्गीय ने पत्रकार वार्ता में दी। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 04 किलो 769 ग्राम चांदी व 07 हजार रुपये नकद सहित घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हैदरगढ़ थाना कोतवाली क्षेत्र सुप्रशिद्ध औसानेश्वर मंदिर में तीन फरवरी की रात चोरों ने शिवलिंग के अरघे की लगभग बीस लाख कीमती चांदी के साथ वहां रखे दानपात्र की नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। चार फरवरी की भोर पुजारी मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। जिसकी सूचना पुजारी ने हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस को दी थी। स्थानीय पुलिस के साथ पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय ने मंदिर का निरीक्षण किया था। एसपी ने तीन टीमों का गठन कर जल्द ही चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए थे।
इसीक्रम में स्वाट, सर्विलांस एवं हैदरगढ़ कोतवाली की पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना की तफ्तीश शुरु की। टीम ने 06 फरवरी दिन शुक्रवार की भोर वीरेन्द्र कुमार पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम कछवा थाना सुबेहा तथा जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द विश्वकर्मा मदारपुर तिराहा थाना कोठी को गिरफ्तार कर लिया। जिनके कब्जे से मंदिर में चोरी 04 किलो 769 ग्राम चांदी (गलाये गये छत्र की चांदी 579 ग्राम व अरघा की चांदी 4.19 किलोग्राम) व 07 हजार रुपये नगदी एवं घटना में प्रयुक्त कटर, प्लास बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी वीरेन्द्र शातिर चोर है, जो मंदिरों की रेकी कर रात्रि में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।
वीरेन्द्र चोरी का सामान देवीगंज स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानंद को सस्ते दाम पर बेंच देता था।



