बहराइच। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने वाले प्रतिभावान छात्र प्रदीप कुमार वर्मा (लोधी) ने UGC NET–JRF परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.94 परसेंटाइल के साथ ऑल इंडिया रैंक (AIR) 21 हासिल की है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से न सिर्फ परिवार और गांव में खुशी का माहौल है, बल्कि पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
जनपद बहराइच अंतर्गत ग्राम फिरोजशाहपुर कटका मरौठा निवासी प्रदीप की प्रारंभिक शिक्षा कैसरगंज स्थित ठाकुर हुकुम सिंह इंटर कॉलेज से हुई। इसके बाद उन्होंने शहर के प्रतिष्ठित किसान पी.जी. कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। सीमित संसाधनों और ग्रामीण चुनौतियों के बीच रहकर प्रदीप ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस उत्कृष्ट रैंक के साथ प्रदीप ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए भी पात्रता प्राप्त की है। अब वे उच्च स्तरीय शोध कार्य (पीएचडी) के लिए सरकार द्वारा प्रदत्त फेलोशिप के माध्यम से आगे की पढ़ाई करेंगे।
अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय प्रदीप अपने पिता श्री परशुराम वर्मा को देते हैं। पेशे से किसान और राजमिस्त्री श्री वर्मा ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद बच्चों की शिक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। दिन-भर कड़ी मेहनत के बाद भी वे अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर सजग और समर्पित रहे।
प्रदीप का कहना है कि पिता का संघर्ष, त्याग और अटूट विश्वास ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत बना। उनकी उपलब्धि आज उन तमाम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो अभावों के बीच बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं।