बाराबंकी। जिले में ऑनलाइन स्वीकृत चयन वेतनमान का लाभ समय से न दिए जाने का मामला सामने आया है। यूनाइटेड टीचर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों ने वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि ऑनलाइन स्वीकृत चयन वेतनमान का लाभ उसी माह के वेतन में जोड़ा जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा पात्र शिक्षकों के चयन वेतनमान के प्रस्ताव ऑनलाइन माध्यम से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजे जाते हैं। परीक्षण के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा चयन वेतनमान की स्वीकृति ऑनलाइन जारी की जाती है। नियमानुसार, इस स्वीकृति के आधार पर वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय को उसी माह वेतन में चयन वेतनमान का लाभ जोड़ना चाहिए। लेकिन आरोप है कि आदेश के बावजूद वित्त एवं लेखा अधिकारी कार्यालय द्वारा शिक्षकों से ऑफलाइन सेवा पंजिका (सर्विस बुक) की मांग की जा रही है, जिसे संगठन ने पूरी तरह अनुचित बताया है।
शिक्षकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार समाप्त करने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन व्यवस्था लागू की थी। ऐसे में ऑनलाइन स्वीकृत आदेश के बाद अतिरिक्त ऑफलाइन प्रक्रिया की मांग करना व्यवस्था की मंशा के विपरीत है।
शिक्षकों ने मांग की है कि ऑनलाइन स्वीकृत चयन वेतनमान का लाभ संबंधित माह के वेतन में तत्काल जोड़ा जाए, ताकि अनावश्यक देरी और असुविधा से बचा जा सके।