Wednesday, October 21, 2026
Google search engine
HomeLucknowइटावा में शुरू हुआ हर घर घोंसला, हर घर गौरैया अभियान

इटावा में शुरू हुआ हर घर घोंसला, हर घर गौरैया अभियान

  • अपर जिलाधिकारी विनय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर गौरैया रक्षक टीम को किया रवाना

लखनऊ। जनपद इटावा में गौरैया संरक्षण और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ईको विंग्स फाउंडेशन ने रविवार को हर घर घोंसला, हर घर गौरैया अभियान शुरू किया। अपर जिलाधिकारी विनय कुमार ने रविवार की सुबह 11:15 बजे अपने कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर गौरैया रक्षक टीम को रवाना किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि घरों में गौरैया का दिखना कम हो गया है। ऐसे में डॉ. सुनीता यादव और उनकी टीम की यह पहल सराहनीय है। इससे लोगों को पक्षी संरक्षण के प्रति जागरूक करने और गौरैया को सुरक्षित आशियाना उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

फाउंडेशन की संस्थापक एवं सचिव डॉ. सुनीता यादव ने बताया कि वह वर्ष 2016 से गौरैया संरक्षण के लिए काम कर रही हैं। अभियान के तहत टीम हर महीने के तीसरे रविवार को शहर की एक नई कॉलोनी में घर-घर जाकर कृत्रिम घोंसले और बर्ड फीडर लगाएगी। फीडरों में कंगुनी के दाने रखे जाएंगे। लक्ष्य धीरे-धीरे पूरे इटावा शहर के घरों तक पहुंचना है।

शुभारंभ के बाद टीम ने कृष्णापुरम कॉलोनी स्थित लुहन्ना चौराहा क्षेत्र में भाजपा नेता नवल शुक्ल के आवास से अभियान की शुरुआत की। इसके बाद कॉलोनी के विभिन्न घरों में घोंसले और दानों से भरे बर्ड फीडर लगाए गए। स्थानीय लोगों ने पहल की सराहना करते हुए पक्षी संरक्षण में सहयोग की बात कही। इस दौरान डॉ. सुनीता यादव ने अपर जिलाधिकारी को गौरैया का कृत्रिम आवास, बर्ड फीडर और अपनी पुस्तक गौरैया फिर लौट आई भेंट की।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य हर परिवार को गौरैया संरक्षण से जोड़ना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों में प्रकृति और पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़े। कार्यक्रम में गौरैया रक्षक टीम के सदस्य डॉ. नरेश कुमार, अर्चना सिंह, आभा पुरवार, संजय मिश्र, पूजा सिंह, संगीता जैन, ऋषभ त्रिवेदी, रूपम सक्सेना, गिरीश चंद्र दीक्षित, सोबरन सिंह, सुभाष चंद्र, ललित सक्सेना, बृजेश कुमार और संजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments