यूटा जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने पहुंच कर छात्रों का किया उत्साहवर्धन
बाराबंकी। विकास खण्ड सिरौलीगौसपुर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय डूंडी में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह मनाया गया l जिसमे मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यूटा के जिलाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने पहुंचकर छात्रों का उत्साहवर्धन किया l उन्होंने डॉ भीमराव अंबेडकर और देश के महान वैज्ञानिक डॉ कलाम के पदचिन्हों पर चलने व उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।उन्होंने प्रधानाध्यापक मनीष कनौजिया द्वारा कम संसाधनों एवम एकल शिक्षक होने के बावजूद छात्रों को मुकाम तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की।
इस मौके पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामानन्द और यूटा के ब्लॉक अध्यक्ष रामपाल ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान लाने वाले मोहन व अभय सिंह तथा स्वाती वर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपने लक्ष्य पर अडिग रहने की बात कही।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम ने लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी मास्टर मुबस्सीर हुसैन ने की l ग्राम प्रधान रामसिंह वर्मा ने बच्चों की सराहना कर उन्हें पुरस्कृत किया l प्रधानाध्यापक मनीष कनौजिया ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अभिभावक एंव ग्रामीण मौजूद रहे।