लखनऊ, 12 मई 2026। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद लखनऊ में अप्रैल माह से 100 दिवसीय सघन टीबी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह के मार्गदर्शन में मंगलवार को रेलवे स्टेशन चारबाग पर टीबी के प्रति जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं प्रचार-प्रसार सामग्री के माध्यम से आमजन को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं उपचार की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. ए.के. सिंघल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशन आलम बाग बस अड्डा बादशाहनगर रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक टीबी संबंधी सही जानकारी पहुंचाई जा सके और वे समय पर जांच एवं उपचार का लाभ ले सकें। इससे पूर्व अमौसी एयरपोर्ट पर भी इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।




