ज्ञापन देने के लिए पहुंचे भाकियू पदाधिकारी बीएसए कार्यालय में मौजूद
बीएसए से मिले भाकियू पदाधिकारी, सौंपा ज्ञापन
बाराबंकी, 14 मई। जनपद में निजी विद्यालयों की मनमानी, अभिभावकों से अत्यधिक शुल्क वसूली तथा शिक्षा के व्यवसायीकरण को लेकर अब शिक्षा विभाग सख्त नजर आ रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने प्राप्त शिकायत पत्र के आधार पर सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
ज्ञात हो कि निजी विद्यालयों की विभिन्न शिकायत को लेकर किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद वर्मा अपने संगठन के पदाधिकारी किसानों के साथ बुधवार देर शाम को जिला बेसिक अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने समस्याओं से संबंधित पत्र बीएसए नवीन कुमार पाठक को सौंप कर समस्या के निदान की मांग की l बीएसए ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद बीएसए समस्त बीईओ को पत्र जारी कर सभी निजी विद्यालयों में जांच के निर्देश दिए।
बीएसए ने जारी पत्र में कहा कि शिक्षा विभाग में कार्यरत रहते हुए निजी विद्यालयों का संचालन करने, कॉपी-किताब, ड्रेस, स्टेशनरी और वाहन संचालन के माध्यम से अभिभावकों का आर्थिक शोषण करने वाले तथाकथित “शिक्षा माफियाओं” पर कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही मनमाने प्रकाशकों की किताबें खरीदवाने वाले स्कूलों पर कार्रवाई करने तथा एनसीईआरटी आधारित पाठ पुस्तकों को लागू करवाने को कहा गया l साथ ही निजी विद्यालयों में ड्रेस को एक समान करने की मांग पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि एक ही विद्यालय में प्रत्येक कक्षा में प्रवेश शुल्क वसूली की प्रथा पर रोक लगाने तथा एक ही परिसर में नर्सरी से इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित करने वाले विद्यालयों की जांच की जाए।
बीएसए ने सभी निजी विद्यालयों को अपने मुख्य द्वार पर शुल्क, छात्र संख्या और अन्य विवरण प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही फीस और शिक्षकों के वेतन का भुगतान ऑनलाइन कराने पर भी जोर दिया गया है। इस दौरान बीईओ हरख अश्वनी प्रताप सिंह, मसौली जैनेंद्र कुमार ,देवां सुनील कुमार , बंकी के चंद्रशेखर यादव व नगर बीईओ फिजा मिर्जा उपस्थित रहीं l
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि वे विद्यालय प्रबंधाधिकरण तंत्र से संपर्क कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें और की गई कार्रवाई से कार्यालय को अवगत कराएं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के समस्या समाधान व कार्यशैली से किसान यूनियन के पदाधिकारी संतुष्ट दिखे l जिसमें किसान यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर पटेल, प्रदेश सचिव उत्तम सिंह, जिला अध्यक्ष हौसिला प्रसाद, मध्यांचल महासचिव अनिल वर्मा ,जिला कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, सहित ब्लॉक अध्यक्ष रामानंद ,प्रमोद कुमार,भगौती प्रसाद ,रईस अहमद आदि शामिल रहे।