निर्माणाधीन मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय बड़ेल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह
बीईओ कार्यालय में गंदगी पर बीईओ बंकी का स्पष्टीकरण, शेष कार्य समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश
बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने कम्पोजिट विद्यालय बड़ेल परिसर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय बड़ेल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी यू0पी0 सिडको के संबंधित अभियंता से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि शेष निर्माण कार्यों को आवश्यक गति प्रदान करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा विद्यालय का संचालन शीघ्र प्रारम्भ कराया जाए। संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को नियमित अनुश्रवण एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान परिसर में स्थित खण्ड शिक्षा अधिकारी बंकी के कार्यालय में गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने खण्ड शिक्षा अधिकारी बंकी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल साफ-सफाई एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शिक्षा विभाग के कार्यालयों एवं विद्यालय परिसरों में स्वच्छता एवं मूलभूत व्यवस्थाएं व्यवस्थित रहें तथा संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर इन व्यवस्थाओं का अनुश्रवण सुनिश्चित करें।