बाराबंकी। मजदूरी कर रात में लखनऊ से लौट रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर खेतों में भागा तो हमलावरों ने उसकी बाइक आग के हवाले कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद सहित चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के खसपरिया निवासी राधेश्याम गौतम 25 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे घर से लखनऊ के गोमती नगर विस्तार मजदूरी करने गए थे। काम से रात 10.30 बजे आते समय खसपरिया व तिलकपुरवा के बीच वह पहुंचे थे। आरोप है कि तभी गांव के ही अन्नू सिंह, श्यामू सिंह, दिलीप कनौजिया और चार अज्ञात लोग उसे रोक कर जातिगत गालियां देते हुए भला-बुरा कहने लगे। इसी बीच सभी एक राय होकर लोहे की राड व सरिया से उसको मारने लगे।
खेतों में भाग कर बचाई जानः वह जान बचाकर बाइक छोड़कर भागा तो हमलावरों ने अवैध तमंचा निकाल कर फायर झोंक दिया। वह किसी तरह धान के खेत में भागकर थोड़ी दूर पर पहुंचा तो गांव के कुछ लोग शोर सुनकर पहुंचे, जो फसल की मवेशियों से रखवाली कर रहे थे।
पीड़ित से घटनाक्रम की जानकारी होने पर गांव के त्रिलोकी रावत, पुतान कनौजिया, हरदेव गौतम आदि आ गए। उनको साथ लेकर राधेश्याम मौके पर पहुंचे, जहां उसकी मोटर साइकिल को जला दिया गया था और आरोपित नदारद थे। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने घटना स्थल का जायजा लिया, घायल राधेश्याम का जिला अस्पताल में परीक्षण कराया गया। पीड़ित के अनुसार वह बहुत डरा है। आरोपित बार-बार सुलह का दबाव बना रहे हैं। सुलह न करने पर हत्या की धमकी भी दे रहे हैं।
कोतवाली नगर एसएचओ आरके राना ने बताया कि युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया हैं जांच की जा रही है।