बाराबंकी। फतेहपुर थाना क्षेत्र के रामनगर रोड स्थित इब्राहिमपुर गांव के पास मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से आ रही धान लदी ट्रैक्टर-ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे बने गड्ढे में पलट गया और उस पर सवार लोग ट्राली के नीचे दब गए। हादसे में ट्रैक्टर चालक सूरज यादव पुत्र लक्षन निवासी रायपुर, जैसू पुत्र रामफेर निवासी लधपुरवा, कल्लू (36) निवासी सैंवढा थाना टिकैतनगर, देशराज यादव (30) निवासी रायपुर तथा कमलेश (35) निवासी सराय टिकैतनगर सवार थे।
ग्रामीणों ने तुरंत धान की बोरियां हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने देशराज यादव और कल्लू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में जैसू और कमलेश को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
सूचना पर फतेहपुर पुलिस पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम व ट्रैक्टर हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना की जानकारी पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह और सीओ जगतराम कनौजिया ने मौके का निरीक्षण किया। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीओ जगतराम कनौजिया ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है और मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।