Saturday, June 6, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSगन्ना तौल कर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पल्टी, नीचे दबने से...

गन्ना तौल कर लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पल्टी, नीचे दबने से चालक की मौत

  • सोमवार की देर रात हुआ हादसा, हरख गांव के पास की घटना

बाराबंकी। जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख गांव के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली चालक की मौत हो गई। अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के सेमराय गांव निवासी अमरनाथ सिंह (43) पुत्र स्वर्गीय विजय शंकर सिंह गन्ना लादकर ट्रैक्टर-ट्राली से हैदरगढ़ चीनी मिल गए थे। मिल में गन्ना उतारने के बाद वह देर रात करीब साढ़े नौ बजे ट्रैक्टर-ट्राली लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान जैदपुर थाना क्षेत्र के हरख गांव के पास सड़क किनारे उनका ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

घटनास्थल के पास पुआल का ढेर पड़ा होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर का पहिया पुआल पर चढ़ने से संतुलन बिगड़ा और वाहन पलट गया। हादसे के समय अमरनाथ ट्रैक्टर पर अकेले सवार थे।

घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों ने ट्रैक्टर-ट्राली को पलटा और चालक को उसके नीचे दबा देख डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जैदपुर पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली को हटवाकर चालक को बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इस संबंध में जैदपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के समय चालक अकेला था और डायल 112 की सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भिजवाया था। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments