बाराबंकी। जिले के बड़ेल क्षेत्र स्थित राधे नगर होटल विकास इन (OYO होटल) के एक कमरे में मंगलवार सुबह 27 वर्षीय युवक का शव फांसी पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जलालपुर निवासी आलोक वर्मा पुत्र राम सुमरन वर्मा के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
होटल के कर्मचारी आंशिक के अनुसार, आलोक वर्मा सोमवार रात करीब 9:30 बजे होटल पहुंचे थे। पहले भी सप्ताह में दो-तीन बार होटल में ठहरे थे। रात में एक बार कमरे से बाहर निकलकर बाथरूम जाने के बाद वह दोबारा कमरे में चले गए। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई। मोबाइल पर बार-बार कॉल करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो होटल कर्मियों ने डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ेल चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया, जहां आलोक वर्मा का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि आलोक वर्मा के व्हाट्सएप स्टेटस पर उनकी दिवंगत पहली पत्नी की फोटो लगी थी, जिसके साथ लिखा था— “मैं तुम्हारे पास आ रहा हूं… सब लोग मुझे माफ कर देना।” परिजनों के अनुसार आलोक की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जबकि दूसरी शादी के बाद पारिवारिक जीवन सामान्य बताया जा रहा है।




