पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, तलाश में जुटी टीम
बाराबंकी। विदेश में रहकर परिवार का भविष्य संवारने का सपना देख रहे एक युवक को उस वक्त गहरा झटका लगा, जब उसे पता चला कि उसकी पत्नी पड़ोसी के साथ फरार हो गई है। हैरानी की बात यह रही कि महिला न सिर्फ अपने दो मासूम बच्चों को साथ ले गई, बल्कि घर में रखे कीमती जेवरात भी समेट ले गई।
मामला दरियाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां रहने वाला युवक करीब डेढ़ साल से सऊदी अरब में मजदूरी कर रहा था। इस दौरान उसकी पत्नी गांव में दो छोटे बच्चों के साथ रह रही थी। पति के अनुसार, इसी बीच उसकी पत्नी का पड़ोसी रामरूप से प्रेम संबंध हो गया और दोनों मौका पाकर फरार हो गए।
पीड़ित युवक के अनुसार, उसकी पत्नी 6 साल और 2 साल के बच्चों को भी अपने साथ ले गई है। साथ ही पांच थान झुमकी, नथुनी, पाजेब, करधनी, मटरमाला सहित अन्य कीमती गहने भी घर से गायब हैं।
पत्नी के भागने की सूचना मिलते ही युवक ने सऊदी में काम छोड़ दिया और तुरंत भारत लौट आया। गांव पहुंचने पर जब उसने काफी खोजबीन की, तो पत्नी और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। अंततः युवक ने दरियाबाद थाने में पूरे मामले की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष मनोज सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी रामरूप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम महिला, बच्चों और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।