बाराबंकी। बिहार से लुधियाना स्थित पाइप फैक्ट्री में काम करने जा रहे एक युवक की ट्रेन में अचानक स्वास्थ्य खराब होने से मौत हो गई। साथी युवकों ने बुढ़वल जंक्शन पर मृतक के शव को उतार कर जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने मृत युवक के तीन अन्य साथियों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार प्रदेश में सिफौली जिला के थाना त्रिवेदीगंज अंतर्गत हरिहर पट्टी गांव निवासी महेन्द्र सरदार का 24 वर्षीय पुत्र मुन्ना सरदार अपने मित्रों ननकू सरदार, नीरज और सुमित के साथ बिहार से लुधियाना जाने के लिए 22 मई की शाम पांच बजे जननायक एक्सप्रेस से निकला था। चारों युवक लुधियाना स्थित एक पाइप फैक्ट्री में काम करने के लिए जा रहे थे। साथी ननकू सरदार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 7.30 बजे मुन्ना का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया, जब तक हम लोग कुछ कर पाते तब तक उसकी मौत ट्रेन में हो गई। बाराबंकी के बुढ़वल स्टेशन पहुंच कर जीआरपी को सूचना दी गई। जीआरपी ने शव को नीचे उतरवाकर तीनों साथियों से बात की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।