बाराबंकी। एक महिला ने दहेज में फर्नीचर और कार के लिए ससुराल पक्ष पर प्रताडित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर ग्राम सदोहर पट्टी नौतन हाथियागढ़ जिला देवरिया निवासी एवं वर्तमान में शालीमॉर मन्नत कोतवाली नगर क्षेत्र में रह रही आराधना ने बताया कि उसकी शादी 30 अप्रैल 2026 को अनुज माथुर निवासी सूरजूपुर, हरपालपुर, हरदोई के साथ दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब 10 दिन बाद ससुराल पक्ष फर्नीचर के लिए 2.80 लाख रुपये और कार लेने के लिए दो से तीन लाख रुपये डाउन पेमेंट की मांग करने लगा। पीड़िता के मुताबिक मांग पूरी न होने पर उसे मारने-पीटने और प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि ननद गीता सिंह भी उसे धमकाती थी। ससुर पर भी उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। आराधना ने बताया कि वह तीन माह की गर्भवती है। कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें पति अनुज माथुर, ननद गीता सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपित किया गया है। जिसकी जांच एसआई सारिका देवी को सौंपी गई है।